Skip to main content

मुलाकात

लघुकथा

मुलाकात

कल वर्षों बाद रेलयात्रा के दौरान उनसे मुलाकात हुई । कभी वे हमारे सहकर्मी थे । विभाग में उनके पीठ पीछे सबलोग उन्हें " राजा साहब " कहकर संबोधित करते थे । थे भी राजसी ठाट-बाट वाले । आते ही अपने टेबल के दराज से झक्क सफेद मुलायम फर वाली तौलिया निकाल कर कुर्सी के ऊपर डालते , कलमदान टेबल पर सजाते और हाथ पोछने वाली छोटी तौलिया कंधे पर रखते हुए साबुनदानी लेकर वाशरूम में जाकर हाथ-मुँह धोते और तब अपना आसन ग्रहण करते । ऑफिस में आकर 4 से 8 घंटे तक बैठने की ही तनख्वाह उन्हें मिलती थी ।
वे बहुत ही मितभाषी थे । एकदिन मैंने उन्हें छेड़ते हुए पूछा -- " बाबू साहब ! आप अभी जिस इलाके से जुड़े हैं , उस इलाके के रहन-सहन और बात - व्यवहार से आपका मेल नहीं बैठता है । ऐसा क्यों ? "
उन्होंने मेरी ओर देखकर मुस्कुराया और गर्व से छाती चौड़ी करते हुए कहा -- " दरअसल , हमारे पूर्वज कई सौ वर्ष पहले राजस्थान के इलाके से पलायन कर यहाँ आकर बसे थे । हम राजा टोडरमल के वंशज हैं...। "
" अच्छा ! वही टोडरमल जो बादशाह अकबर के दरबार के नौ रत्नों में से एक थे ? "
उनका चेहरा दर्प से दमकने लगा और छाती दुगुनी चौड़ी हो गई । मुझे लगा , मानो अचानक ही टोडरमल की आत्मा उनमें प्रवेश कर गई है । वे अपने पूर्वजों का गुणगान करने लगे । उनके अतीत का एक सिरा भले ही टोडरमल से जुड़ता हो , उस संबंध में बताने को उनके पास बहुत कुछ नहीं था । हाँ , जमींदारी जाने की टीस अभी ताजा थी । अँग्रेजी सल्तनत की दौर में उनके पूर्वजों की तूती बोलती थी । उसका असर अब भी बरकरार है । दुर्गापूजा आज भी उनकी हवेली के अहाते में ही होती है और होली गायन की शुरुआत भी वहीं से होती है । हवेली , जी हाँ , वे अब भी सात टुकड़ों में बँटे अपने पुरखों के घर के खंडहर को हवेली कहकर ही संबोधित करते हैं और ऐसा करते हुए उनका मस्तक कुछ इस तरह स्थिर हो जाता है , मानो उसके हिलते ही उस पर रखा रत्नजड़ित ताज धराशाई न हो जाए । 

तो , आज फिर उन्हीं तथाकथित राजा साहब से मुलाकात हो गई । दुआ - सलाम के बाद बात देश की अवस्था - दुरवस्था पर शुरू हुई । उन्होंने वर्त्तमान सरकार के सम्मान में कशीदे काढ़ने शुरू कर दिये । सत्तर वर्षों का हवाला देते हुए कहा कि पहली बार कोई देशभक्त सरकार बनी है , जिसे हिंदू धर्म और संस्कृति के प्रति वाजिब चिंता है , जिसने इन मुल्लाओं की साजिश को समझा है । ये लोग अपनी जनसंख्या का विस्तार कर फिर से अपनी सल्तनत कायम करने के चक्कर में हैं । इस बार ये लोग लोकतंत्र को सीढ़ी बनाकर दिल्ली के तख्त पर बैठने की ख्वाब देख रहे हैं........... । 
सियासी मसलों पर ज्यादातर खामोश रहनेवाले अपने पुराने सहकर्मी को इस तरह धारा प्रवाह बोलते और अपने ही देशवासियों के प्रति जहर उगलते देखकर मैं चकित था । जिनके पूर्वज कभी बादशाह अकबर के दरबार की शान थे , कभी अँग्रेजी सल्तनत के चाटुकार और खिदमतगार थे । वे उस कौम की अलोचना कर रहे हैं , जिसने देश की आजादी के संघर्ष में अगिनत कुर्बानियां दी थी , जिसने इस मुल्क को अपने खून - पसीने से सींचा और विकसित किया । मैं किंकर्तव्यविमूढ़ हो अपलक उन्हें निहारता रहा ।
अब उनसे कहने - सुनने को रह क्या गया था ! वे बुरी तरह घृणा और नफरत के गिरफ्त में थे । शायद , उन्हें अपने बीते हुए सुनहरे दिनों की वापसी की भी खुशफहमी हो । 
उनके चुप होते ही मैंने बात को नया मोड़ देते हुए कहा --- " पता है आपको , सरकार सेल की कई इकाइयों को बेच रही है ? हो सकता है , कल को अपना बोकारो इस्पात संयंत्र भी बिक जाए ! "
यह कहकर मैंने उनकी प्रतिक्रिया जानने के लिए उनकी ओर देखा । सोचा कि जिस संयंत्र में उनके जीवन के सुनहरे दिन बीते थे , जिसकी बदौलत उन्होंने अपने लड़के को इंजीनियर और लड़की को डॉक्टर बनाया था , शायद उसके प्रति उनके मन में कुछ मोह-माया हो । पर , वे लोहे की तरह कठोर और ठंढा साबित हुए । 
" सरकार यदि ऐसा कर रही है , तो देशहित में ही कर रही होगी .....। " , इतना कहकर वे खिड़की से बाहर शून्य में कुछ निहारने लगे ।
मैं निःशब्द उन्हें टुकुर-टुकुर देखता रहा । मुझे लगा , मानो हम रेल की एक ही बोगी में बैठे विपरीत दिशाओं में चले जा रहे हैं ।

  ----- कुमार सत्येन्द्र

Comments

Popular posts from this blog

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

पूँजीपति के मुनाफ़े का सफ़र. अंतिम भाग  हमने ये तो स्थापित कर लिया कि पूँजीपति अपना मुनाफ़ा ना तो कच्चे माल और ना ही उत्पादित वस्तुओं के ख़रीद बिक्री में कमाता है। वह मुनाफ़ा कमाता है उत्पादन के दौरान। लेकिन कैसे? इसको समझने से पहले मैं आपको वापस मार्क्स के दास कैपिटल से एक और शब्द को समझाता हूँ। वह शब्द है “श्रम शक्ति” या “labour power”.  पूँजीपति मज़दूरों से उनके श्रम शक्ति को ख़रीदता है और बदले में उनको मज़दूरी देता है। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि मज़दूरी = श्रम शक्ति।  आपने कभी ये सोचा है कि किस प्रक्रिया से मज़दूरों की न्यूनतम मजदूरी तय होती है। इसे तय करने वाली कमिटी एक लम्बे प्रक्रिया के बाद यह कैल्क्युलेट करती है कि मज़दूर को महज़ अपनी ज़िंदगी जीने के लिए कितना मज़दूरी दी जाए। ये कोई नई बात नहीं है। इतिहास में भी सर्फ़ और ग़ुलामों को उत्पाद का उतना ही हिस्सा दिया जाता था जिस से वो महज़ ज़िंदा रहें। उनका हिस्सा परम्परागत तरीक़े से तय किया जाता था जब कि आज के आधुनिक युग में मजदूरों की मज़दूरी श्रम के डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करती है। हालाँकि मज़दूर एक साथ आकर अपनी...