Skip to main content

बादशाही मियाँ


** बादशाही मियाँ

पोती के साथ कल हुई वार्तालाप को मैं तो भूल चुका था । किंतु ऑनलाईन क्लास से निपटते ही वह मेरे पास आई और बोली -- " हाँ , तो दादू ! अब बताओ ...वो क्या नाम बोल थे कल.....ऊँ....हाँ...बादशाह मियाँ के बारे में ...। "
" बादशाह नहीं , बादशाही मियाँ । वे हमारे पड़ोस के गाँव के बुनकर थे ...। " , कहने के साथ ही बादशाही मियाँ का चेहरा मेरी आँखों में पल भर के लिए नाच उठा । लंबा छरहरा बदन , सिर पर पगड़ी , चेकदार लूंगी , मारकीन की घुटने तक लंबी कमीज , लंबूतरे चेहरे पर सफेद लंबी दाढ़ी और पीठ पर बंधा कपड़ों की गठरी , जिसकी बोझ से झुकी कमर और हाथ में लोहे का " गज " ।
" बुनकर...मतलब , दादू ? "
" कपड़ा बुनने वाला ...। "
" कपड़े तो मिल में बनते हैं न , दादू ! "
" हाँ , अब तो सिर्फ मिल या पावरलूम में ही बनते हैं । लेकिन , उस समय मिल के बने कपड़े हमारे गाँव तक उस मात्रा में नहीं पहुंच पाते थे , जितनी जरूरत होती थी और जो आते भी थे , उनकी कीमत अधिक होती थी । "
" ठीक है , तो क्या वे अपने घर पर ही कपड़ा बनाते थे ? "
" हाँ , बिटिया ! उनके घर में हस्तकरघा मशीन थी । वे उसी से कपड़ा बुनते थे । चूंकि , उनके कपड़े मोटे धागों से बुने जाते थे , लोग उसे " मोटिहा " कहते थे । कपड़े को बुनना , रंगना , सुखाना और फिर उसका गठ्ठर बनाकर पीठ पर लादे गाँव - गाँव फेरी लगाकर बेचना..। "
" क्या वे साड़ी भी बनाते थे ? "
" हाँ , साड़ी , धोती , चादर , गमछा और मारकीन ....सादा कपड़ा....। "
" मारकीन...? "
" मारकीन... वगैर रंगा हुआ कपड़ा होता था । अब तुम्हारी मर्जी , चाहे कमीज बनाओ या कुर्ता ..। "
" तो , क्या गाँव के सभी लोग उन्हीं से कपड़ा खरीदते थे ? "
" नहीं बिटिया ! उनके कपड़े होते तो सस्ते थे , पर , उसका रंग कच्चा होता था , जल्दी उड़ जाता था । साथ ही , मोटा और भारी होता था । इसलिए , गरीब घरों में ही उसकी खपत होती थी । फटते भी जल्दी थे । "
" क्या वे अब भी कपड़ा बुनते हैं ? "
" अरे , नहीं । वे तो कब के अल्लाह को प्यारे हो गए ! " , मैंने हँसते हुए जवाब दिया ।
" आई मीन ..उनके परिवार के लोग .... ! " 
" नहीं बिटिया ! उनकी जिंदगी में ही हस्तकरघा मशीन का खट्..खट्..खट्...खट...बंद हो चुका था । "
" ऐसा क्यों , दादू ? "
" क्योंकि , आजादी के बाद देश में कपड़े की कई और नई मिलें खुल गईं । नई ईजाद हुई मशीनों के कारण कपड़े की उत्पादन में अत्यधिक वृद्धि हुई और गाँव - गाँव तक कपडा पहुँचने लगा । सिंथेटिक धागों के इस्तेमाल के बाद तो रंग - बिरंगे कपड़े बनने लगे , जो टिकाऊ और सस्ते भी हैं । "
" फिर उनका परिवार...? "
" उन्होंने अपनी पेशा बदल ली और पास के बाजार में मिल के बने कपड़ों की दुकान खोल ली । "
" गुड ..... यह अच्छा किया उन्होंने । क्या उनके परिवार के लोग अब भी उसी गाँव में रहते हैं , दादू ? "
" क्या पता बिटिया ! वक्त की थपेड़ों ने न जाने किसे कहाँ पहुँचा दिया है ! " , -- एक निश्वास के साथ मैंने कहा । मॉब लिंचिंग की घटनाएं और हाल ही में हुए दंगे का दृश्य मेरे जेहन में कौंध गया ।

Comments

Popular posts from this blog

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

पहचान की राजनीति

## पहचान की राजनीति बनाम वर्गाधारित राजनीति। ## पहचान की राजनीति का मतलब क्या है ? उत्तर आधुनिकता की ही तरह पूंजीवादी सिद्धांतों से निकली पहचान की राजनीति मार्क्सवाद का विकल्प होने का दावा करती है। यह मानती है कि राजनीति और भौतिक परिस्थितियों के बीच कोई रिश्ता नहीं होता। यह एक ऐसे समाज की परिकल्पना करती है जो तमाम तरह के शोषण और आपसी शत्रुता पर टिका है। इसमें यह सोच निहित है कि जातीयता, धर्म, नस्ल या लैंगिकता आदि से जुड़े शोषण व आपसी शत्रुता का भौतिक परिस्थितियों से कोई रिश्ता नहीं होता। यह पूरी तरह से व्यक्तिगत तौर पर महसूस किया जाता है। पहचान एक व्यक्ति द्वारा उसके उत्पीड़न के अनुभव के आधार पर बनती है और पूरी तरह से आत्मपरक और स्वायत्त होती है।  यह किसी भी समाज के वर्ग विभाजन पर आधारित विश्लेषण को अस्वीकार करता है। पहचान की राजनीति के अनुसार समाज में मुख्य विभाजन है -- व्यक्तिगत रूप से उत्पीड़न सहन करने वालों और बाकि सभी उनलोगों के बीच जिन्होंने उत्पीड़न का अनुभव नहीं किया है। उदाहरण के लिए पहचान की राजनीति के सिद्धांतों के अनुसार जातिगत उत्पीड़न का अनुभव करने वाला एक दलित मजदूर...