Skip to main content

पश्चाताप

पश्चाताप

गाँधी जी के लिए जिन शब्दों का प्रयोग सतपाल ने किया था , उससे मैं हत्प्रभ तो हुआ ही था , चिंतित भी हुआ था । हम किसी महापुरुष के विचारों से असहमत हो सकते हैं । उनकी स्वस्थ आलोचना भी कर सकते हैं । पर , उनके लिए अपशब्दों का प्रयोग ! यह तो उनकी शान में गुस्ताखी है । गाँधी जी के प्रति इतनी घृणा , आखिर क्यों ? मैंने प्रतिवाद किया । पर , वह तरह - तरह के झूठे इल्जाम लगाकर उन्हें कोसता रहा । शायद वह बचपन से ही अपने परिवार में ऐसी बातें सुनता रहा था । वह गाँधीजी के प्रति नफरत से लबरेज था । पर, मुझे उसका यह व्यवहार अत्यधिक खल गया और मैंने उसी पल से उससे दूरी बढ़ानी शुरू कर दी । चंद हफ्तों बाद मेरा उस जहाज से तबादला हो गया ।

यह प्रसंग 1977 ई. की है । मैं और सतपाल एक ही जहाज पर कार्यरत थे । दोनों एक ही विभाग से संबद्व थे , सो हमारा 'मेस' भी एक ही था । वह हरियाणा का रहनेवाला था और मैं बिहार का । किंतु , यह कुदरत की करिश्मा थी कि न केवल हमारी शारीरिक बनावट बल्कि शक्ल-सूरत भी कुछ कुछ मिलती - जुलती थी । हमदोनों की आदतें , स्वभाव और एक हद तक विचार भी मिलते-जुलते थे । कई बार अन्य विभाग के लोग हमारे बीच फर्क करने में गलती कर बैठते थे । हमारी दोस्ती की चर्चा पूरे जहाज में होती रहती थी । होती भी क्यों नहीं , हमदोनों सुबह का नाश्ता और रात का खाना तकरीबन रोज एक ही थाली में खाते थे , जबकि वह आर्यसमाजी परिवार से होने के कारण विशुद्ध वेजिटेरियन था और मैं सर्वग्रासी । जिस प्लेट में मैं उबला हुआ अंडा या ऑमलेट खा रहा होता , वह वेजिटेबल कटलेट या गोभी का पकौड़ा । किंतु , उस दिन के बाद हमारी थाली अलग-अलग हो चुकी थी । ऐसा नहीं कि मैं वैचारिक रूप से गाँधीवादी था । सच तो यह है कि तब मैंने उनके जीवन और विचारों के बारे में विस्तार से पढ़ा तक नहीं था । किंतु , अपने स्कूली शिक्षा के दौरान जो भी उनके बारे में पढ़ा या सुना था , उसके कारण हमेशा ही उन्हें श्रद्धा की दृष्टि से देखता था । 

इस वाकये के बाद अपने जॉब की प्रकृति के अनुसार हम कई वर्षों तक अलग-अलग जहाजों में सर्व करते रहे । और , यह महज संयोग ही था कि एक लंबे अंतराल के बाद हम फिर एक ही जहाज में आ पहुँचे । 
हमदोनों एक दूसरे से मिलकर बहुत खुश थे । जब कभी हम फुर्सत में होते , पिछली जहाजों में बीते दिनों की कहानियां एक दूसरे को सुनाते । इसी क्रम में एक दिन सतपाल ने अपने दक्षिण अफ्रीका के दौरे की चर्चा छेड़ दी । उसने बताया कि वहाँ घूमने के बाद महात्मा गाँधी के बारे में उसकी धारणा पूरी तरह बदल गई । मैं आश्चर्य से उसकी बातें सुन रहा था । तभी शायद उसे पिछली जहाज वाली घटना याद आ गई । उसने मेरे हाथ को हल्के से दबाते हुए कहा -- " उस दिन मैंने जाने-अनजाने बहुत बड़ी गलती की थी , यार ! गाँधी जी सचमुच एक महान हस्ती थे । "
मेरे मुँह से अनायास निकला -- " सच ...! "
" हाँ , यार ! यह अहसास मुझे दक्षिण अफ्रीका के दौरे के दौरान हुआ । उसके बाद मैंने खोज खोजकर उनकी किताबें पढ़ी । प्लीज एक्सक्यूज मी ....! " 
उसके चेहरे पर घोर पश्चाताप के भाव थे ।

Comments

Popular posts from this blog

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

पहचान की राजनीति

## पहचान की राजनीति बनाम वर्गाधारित राजनीति। ## पहचान की राजनीति का मतलब क्या है ? उत्तर आधुनिकता की ही तरह पूंजीवादी सिद्धांतों से निकली पहचान की राजनीति मार्क्सवाद का विकल्प होने का दावा करती है। यह मानती है कि राजनीति और भौतिक परिस्थितियों के बीच कोई रिश्ता नहीं होता। यह एक ऐसे समाज की परिकल्पना करती है जो तमाम तरह के शोषण और आपसी शत्रुता पर टिका है। इसमें यह सोच निहित है कि जातीयता, धर्म, नस्ल या लैंगिकता आदि से जुड़े शोषण व आपसी शत्रुता का भौतिक परिस्थितियों से कोई रिश्ता नहीं होता। यह पूरी तरह से व्यक्तिगत तौर पर महसूस किया जाता है। पहचान एक व्यक्ति द्वारा उसके उत्पीड़न के अनुभव के आधार पर बनती है और पूरी तरह से आत्मपरक और स्वायत्त होती है।  यह किसी भी समाज के वर्ग विभाजन पर आधारित विश्लेषण को अस्वीकार करता है। पहचान की राजनीति के अनुसार समाज में मुख्य विभाजन है -- व्यक्तिगत रूप से उत्पीड़न सहन करने वालों और बाकि सभी उनलोगों के बीच जिन्होंने उत्पीड़न का अनुभव नहीं किया है। उदाहरण के लिए पहचान की राजनीति के सिद्धांतों के अनुसार जातिगत उत्पीड़न का अनुभव करने वाला एक दलित मजदूर...