दाल - भात में नमक कम
बोलो बेटा बम बम बम
रोटी कपड़ा , मत कर लफड़ा
पढ़ाई लिखाई , छोड़ो भाई
विपदा में है देश पड़ा
दुश्मन चारो ओर खड़ा
ऐसे में तू घात न कर
महँगाई की बात न कर
शक्ति का फहरा परचम
बोलो बेटा बम बम बम
चुपकर बेटा रोना छोड़
गाँधी - बुद्ध से नाता तोड़
हिटलर अब आदर्श है अपना
पूरा होगा गुरुजी का सपना
संविधान की होगी समीक्षा
लोकतंत्र की अग्नि परीक्षा
पाँवों से रौंदेंगे उनको
जो हैं नास्तिक, नीच,अधम
बोलो बेटा बम बम बम
मत घबराओ उनसे बच्चा
वे हैं अपने डंकल चाचा
उनके प्रतिबंधों की पोल
"एनरोन" जी देंगे खोल
हम सा है बाजार कहाँ
इतना भ्रष्टाचार कहाँ
पूंजीवाद के लिए जमीं
सबसे है ऊपजाऊ यहीं
हमें छोड़कर जायेंगे वो
किसकी बोटी खायेंगे वो
बदल रहे हैं देखो उनके
बदलेंगे सब नीति-नियम
बोलो बेटा बम बम बम
Comments
Post a Comment