Skip to main content

" याद रखा जाएगा "

यह तुम नहीं , तुम्हारा अहंकार बोल रहा है , जो ईश्वर सर्वशक्तिमान हैं, सर्वव्यापी हैं , सबका पालनहार हैं (?) , उन्हें टाट की छावनी से रत्नजड़ित महल में तुम ला रहे हो ! है न यह तुम्हारी धृष्टता या धूर्तता ! अरे भाई , तुम हो क्या चीज , जो ब्रह्माण्ड के मालिक के सिर पर छत प्रदान कर सको  ?  यह तुम्हारी झूठी हेकड़ी है , जिसकी घोर निर्लज्जता से प्रदर्शन कर तुम हम पर अपनी धाक जमाना चाहते हो , रौब गांठना चाहते हो और चाहते हो कि हम इस एक सुकृत्य (?) के एवज में तुम्हारे सारे कुकृत्यों को भूल जाएँ । तुम्हारी सारी गलतियों को माफ कर दें । 
हम भूल जाएँ कि तुम्हारे एक गलत कदम , विमुद्रीकरण , के कारण लाखों लोगों ने अपना रोजगार खो दिया । देश की पूरी अर्थव्यवस्था पटरी से उतर गई । छोटे - बड़े कई उद्योग - धंधे बंद हो गए । जीएसटी में असंगतियों एवं खामियों के कारण व्यापार में गंभीर मुश्किलें पैदा हुईं और उसकी रफ्तार धीमी हो गई । भूल जाएँ कि राष्ट्रीय यानि जनता की सम्पत्ति को औने - पौने दामों में तुमने अपने खास दोस्तों के हाथों बेच दिये और बेच रहे हो ।भूल जाएँ कि तुम्हारे सारे ही वादे जुमले निकले । भूल जाएँ कि दो करोड़ प्रतिवर्ष रोजगार देने की बजाय तुमने हमारी नौकरियाँ ही छीन ली । भूल जाएँ कि हमारे घरों के छप्पर - छानी तो जर्जर होकर धराशायी हो रहे हैं और तुम्हारी पार्टी के सैंकडों वातानुकूलित दफ्तर खड़े हो रहे हैं । भूल जाएँ कि पुलवामा की घटना की जाँच रिपोर्ट अबतक नहीं आई है , जिसमें हमारे कई बच्चे शहीद हुए थे । भूल जाएँ कि जब सारी दुनिया कोरोना से लड़ने और बचने की तैयारी कर रही थी , तो तुम अपने प्रिय दोस्त के साथ अहमदाबाद के स्टेडियम में लाखों लोगों का जमावड़ा लगाकर " नमस्ते ट्रंप " कार्यक्रम का आयोजन कर रहे थे और उससे फुर्सत मिलते ही एक राज्य की चुनी हुई सरकार को धनबल की बदौलत अपदस्थ कर अपनी सरकार बनाने में मशगूल हो गए थे । भूल जाएँ कि फिर अचानक ही सिर्फ चार घंटे की मोहलत देकर तुमने संपूर्ण देश में तालाबंदी कर दी । संपूर्ण राष्ट्र एकाएक लकवाग्रस्त सा हो गया । जो जहाँ , जिस हाल में था , उसी हाल में रहने को विवश हो गया । जब पहली दफा की 21 दिनों की अवधि को तुमने बढ़ाया , तो शहरी मजदूरों को रोटी के लाले पड़ गए । उद्योग-धंधा तथा सारी व्यापारिक गतिविधियों के बंद होने से उनकी आय बंद हो गई । मकान मालिकों ने मकानों से निकलने की नोटिस थमा दी । आवागमन के सारे साधन के स्थगित होने के कारण लाखों लोग शहरों से पैदल ही अपने गाँवों की ओर चल पड़े । रास्ते में वे लोग पुलिसिया जुल्म के शिकार तो हुए ही , भूख और दुर्घटनाओं के कारण सैंकड़ों की जानें गईं । भूल जाएँ कि इस लॉकडाऊन के दौरान तुमने तीन -तीनअध्यादेशों के जरिए किसानों को भूमिहीन मजदूरों में तब्दील होने का पूरा इंतजाम कर दिया है । भूल जाएँ कि श्रम कानूनों को मालिकों के पक्ष में परिवर्तन कर तुमने श्रमिकों को निर्दयी और जालिम मालिकों के रहमोकरम पर छोड़ दिया है ।  पीठ पर पड़े लात तो भूल भी जाते , पर पेट पर पड़े लात को हम कैसे भूलेंगे। यह सब याद रखा जाएगा , सा'ब जी !

Comments

Popular posts from this blog

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

पूँजीपति के मुनाफ़े का सफ़र. अंतिम भाग  हमने ये तो स्थापित कर लिया कि पूँजीपति अपना मुनाफ़ा ना तो कच्चे माल और ना ही उत्पादित वस्तुओं के ख़रीद बिक्री में कमाता है। वह मुनाफ़ा कमाता है उत्पादन के दौरान। लेकिन कैसे? इसको समझने से पहले मैं आपको वापस मार्क्स के दास कैपिटल से एक और शब्द को समझाता हूँ। वह शब्द है “श्रम शक्ति” या “labour power”.  पूँजीपति मज़दूरों से उनके श्रम शक्ति को ख़रीदता है और बदले में उनको मज़दूरी देता है। इस प्रकार हम कह सकते हैं कि मज़दूरी = श्रम शक्ति।  आपने कभी ये सोचा है कि किस प्रक्रिया से मज़दूरों की न्यूनतम मजदूरी तय होती है। इसे तय करने वाली कमिटी एक लम्बे प्रक्रिया के बाद यह कैल्क्युलेट करती है कि मज़दूर को महज़ अपनी ज़िंदगी जीने के लिए कितना मज़दूरी दी जाए। ये कोई नई बात नहीं है। इतिहास में भी सर्फ़ और ग़ुलामों को उत्पाद का उतना ही हिस्सा दिया जाता था जिस से वो महज़ ज़िंदा रहें। उनका हिस्सा परम्परागत तरीक़े से तय किया जाता था जब कि आज के आधुनिक युग में मजदूरों की मज़दूरी श्रम के डिमांड और सप्लाई पर निर्भर करती है। हालाँकि मज़दूर एक साथ आकर अपनी...