Skip to main content

सड़क

सड़क
*******
सड़क साक्षी नहीं
भागीदार है
बदलते समय का
वक्त के कदमों के निशान
मौजूद हैं सड़क के वक्ष पर
बीहड़़ में बने रास्ते हों
या गाँवों की पगडंडियाँ
साफ सुने जा सकते हैं
समय के पदचाप
घोड़ों के टाप
हाथियों के चिग्घाड़
तलवारों की टंकार
तोपों की गर्जन
हारती - जीतती रियासतें
सियासत की क्रूर - जहरीली हँसी
मासूम बच्चों की सिसकियाँ
बेबस औरतों के करुण क्रंदन
सब दर्ज हैं
सड़क के सीने में

कभी रक्तरंजित
कभी जल प्लावित
टूटती - बिखरती
फिर से संवरती
बस्तियों को बस्तियों से
नगरों को नगरों से जोड़ती
सभ्यता - संस्कृति के विकास का
सदियों रही है वाहक
ऊँचे पहाड़ों से
घने जंगलों से
सुनसान घाटियों से
मनोहर वादियों से
सबसे हैं इसके अटूट रिश्ते.

तवारीख गवाह है
सड़क के सीने से उठे
असंख्य झंझावातों का
टूट कर गिरते बड़े बड़े तख्तों का
उछलते हवा में अजेय (?) ताजों का
मिट्टी में मिलते उन निजामों का
जिनके साम्राज्य में
नहीं होता था सूरज कभी अस्त
उनकी पस्ती , खोई सरपरस्ती भी
दर्ज हैं काल के कपाल पर.

जब - जब लहराई है सड़क
बनकर करोड़ों मुठ्ठियाँ
सारी धरती , सारा आकाश
थर्रा उठे हैं विरोध की आवाज से
कसा है नकेल सड़क ने
जब भी तोड़ी है मर्यादा संसद ने
कई बार खौफजदा हो
भागा है तानाशाह तहखाने में
किया है आत्महत्या
तवारीख इसका भी गवाह है.

उन्हें खूब है अहसास
सड़क की शक्ति का
तभी तो रची है साजिश
सड़क को खामोश रखने की ,
घरों को ही बना डाला है कैदखाना
जहाँ स्वेच्छा से हैं सभी कैद
और वे
मदमस्त हाथी की तरह रौंद रहे हैं
उस संविधान को
जिसकी शपथ लेकर ही
हुए थे तख्तनशीन
मोड़ रहे हैं विकास की दिशा
बदल रहे हैं
सड़क के हक में बने सारे ही कानून

पर,समय है साक्षी
कि सड़क नहीं रह सकती
यूँ खामोश
वह करेगी पर्दाफाश
इनकी साजिश का
फिर से होगा दांडी मार्च
संविधान बचाओ आंदोलन
छिड़ेगा जंग हक - हकूक के लिए
तूफान में हुई ध्वस्त सड़क
बन रही है , संवर रही है
हो रही है तैयार
एक लंबे संघर्ष के लिए
सड़क फिर एक दिन घेरेगी संसद .










Comments

Popular posts from this blog

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

पहचान की राजनीति

## पहचान की राजनीति बनाम वर्गाधारित राजनीति। ## पहचान की राजनीति का मतलब क्या है ? उत्तर आधुनिकता की ही तरह पूंजीवादी सिद्धांतों से निकली पहचान की राजनीति मार्क्सवाद का विकल्प होने का दावा करती है। यह मानती है कि राजनीति और भौतिक परिस्थितियों के बीच कोई रिश्ता नहीं होता। यह एक ऐसे समाज की परिकल्पना करती है जो तमाम तरह के शोषण और आपसी शत्रुता पर टिका है। इसमें यह सोच निहित है कि जातीयता, धर्म, नस्ल या लैंगिकता आदि से जुड़े शोषण व आपसी शत्रुता का भौतिक परिस्थितियों से कोई रिश्ता नहीं होता। यह पूरी तरह से व्यक्तिगत तौर पर महसूस किया जाता है। पहचान एक व्यक्ति द्वारा उसके उत्पीड़न के अनुभव के आधार पर बनती है और पूरी तरह से आत्मपरक और स्वायत्त होती है।  यह किसी भी समाज के वर्ग विभाजन पर आधारित विश्लेषण को अस्वीकार करता है। पहचान की राजनीति के अनुसार समाज में मुख्य विभाजन है -- व्यक्तिगत रूप से उत्पीड़न सहन करने वालों और बाकि सभी उनलोगों के बीच जिन्होंने उत्पीड़न का अनुभव नहीं किया है। उदाहरण के लिए पहचान की राजनीति के सिद्धांतों के अनुसार जातिगत उत्पीड़न का अनुभव करने वाला एक दलित मजदूर...