Skip to main content

मनुआ - 63

मनुआ - 63

ठंड से ठिठुरती दिल्ली में विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही थोड़ी गरमी आने लगी है। किन्तु, मनुआ को घोर आश्चर्य हो रहा है कि सड़क किनारे जल रहे अलाव के चारो ओर बैठे लोगों के बीच बहस का मुद्दा महंगाई और बेरोजगारी न होकर शीशमहल और राजमहल है। "आप " और " भाजपा" के नेताओं के बीच इसे लेकर जूतम - पैजार जारी है। इस मुद्दे पर सारे लोग दो खेमों में बंटे हुए हैं। नया शहर, नये लोग और नई बहस। मनुआ के लिए सबकुछ नया ही है। वह अभी परसों ही तो आया है अपने भतीजे के पास, जो फरीदाबाद के एक छोटे से कारखाने में काम करता है और पास के मजदूर कॉलोनी में किराए के घर में रहता है। लगता है कि पतली गलियों और बजबजाती नालियों वाली इस कॉलोनी के लोगों को चुनने के लिए बस ये दो ही विकल्प हैं, एक शीशमहल वाला और दूसरा राजमहल वाला। बहस अपनी उठान पर है। 
--- अब और क्या चाहिए हमें..? केजरीवाल ने स्कूलों और मोहल्ला क्लिनिक की व्यवस्था की, मुफ्त बिजली और पानी दिया.... और तो और महिलाओं के लिए मुफ्त बस सेवा और बुजुर्गों के लिए मुफ्त तीर्थयात्रा.....! 
---- सो तो ठीक है भइया, पर अपने को जो आम आदमी का मुख्यमंत्री कहता था, वह आज करोड़ों का शीशमहल में रहेगा.... यह कैसी सादगी है? आखिर पैसा तो हमारे ही टैक्स से आता है! 
---- अरे तो वह कौन सा अपना मकान बना रहा है , मुख्यमंत्री का आवास बना रहा है... जो भी मुख्यमंत्री बनेगा वह रहेगा । इसमें हो - हल्ला की क्या बात है ? उधर उनकी टपोरी नहीं दिख रही है क्या ? कहकर आए थे कि सबके खाते में 15 लाख डालेंगे...... 2 करोड़ नौकरियां देंगे ... हवाई चप्पल वालों को हवाई जहाज पर उड़ाएंगे , ये सब का क्या हुआ? सब हवा - हवाई हो गया। उनके नंबर दो ने ही कह दिया कि वो सब चुनावी जुमले थे। 
--- जुमलेबाजी में ये महाशय भी कोई पीछे नहीं रहे हैं भइया ! इन्होंने भी अस्थायी नौकरी को पक्की करने की बात कही थी...... कचरे के पहाड़ को हटाने की बात कही थी..... कच्ची बस्तियों को स्थाई करने की बात कही थी.... और तो और कोरोना के समय तथा दिल्ली में फैले दंगे के समय ये और इनकी सरकार जाने कहाँ लापता हो गए थे! 
मनुआ को इनकी बातों से ऊब होने लगी । उसने धीमे स्वर में हस्तक्षेप किया --- " ए भइया! आपलोगों की बातों से लग रहा है कि ई दोनों पार्टियां जनता के साथ एक ही तरह के खेल खेल रही हैं तो किसी तीसरे विकल्प पर विचार क्यों नहीं करते ? "
" तीसरा विकल्प....! अरे भाई, यहाँ कोई तीसरा विकल्प है ही नहीं। एक पुरानी पार्टी कांग्रेस है। किंतु, उसका तो यहाँ खेल ही खत्म हो गया है " -- अलाव को फूंक मारते हुए किसी ने कहा। 
" विकल्प होती नहीं है भइया, उसे तो जनता तैयार करती है। दिल्ली में इन दोनों के अलावे जो भी छोटी - बड़ी पार्टियां हैं, उन्हें समर्थन देकर एक विकल्प तो तैयार किया ही जा सकता है......वरना पिसते रहो इन इन दो पाटों के बीच में । " --- मनुआ ने कहा तो सभी लोग मनुआ की ओर ऐसे देखने लगे जैसे उसने कोई अजूबा बात कह दी हो। 

Comments

Popular posts from this blog

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

पहचान की राजनीति

## पहचान की राजनीति बनाम वर्गाधारित राजनीति। ## पहचान की राजनीति का मतलब क्या है ? उत्तर आधुनिकता की ही तरह पूंजीवादी सिद्धांतों से निकली पहचान की राजनीति मार्क्सवाद का विकल्प होने का दावा करती है। यह मानती है कि राजनीति और भौतिक परिस्थितियों के बीच कोई रिश्ता नहीं होता। यह एक ऐसे समाज की परिकल्पना करती है जो तमाम तरह के शोषण और आपसी शत्रुता पर टिका है। इसमें यह सोच निहित है कि जातीयता, धर्म, नस्ल या लैंगिकता आदि से जुड़े शोषण व आपसी शत्रुता का भौतिक परिस्थितियों से कोई रिश्ता नहीं होता। यह पूरी तरह से व्यक्तिगत तौर पर महसूस किया जाता है। पहचान एक व्यक्ति द्वारा उसके उत्पीड़न के अनुभव के आधार पर बनती है और पूरी तरह से आत्मपरक और स्वायत्त होती है।  यह किसी भी समाज के वर्ग विभाजन पर आधारित विश्लेषण को अस्वीकार करता है। पहचान की राजनीति के अनुसार समाज में मुख्य विभाजन है -- व्यक्तिगत रूप से उत्पीड़न सहन करने वालों और बाकि सभी उनलोगों के बीच जिन्होंने उत्पीड़न का अनुभव नहीं किया है। उदाहरण के लिए पहचान की राजनीति के सिद्धांतों के अनुसार जातिगत उत्पीड़न का अनुभव करने वाला एक दलित मजदूर...