Skip to main content

अपना ख्याल रखना

अपना ख्याल रखना
*****************

बेटे का मैसेज आया है 
ह्वाट्सएप पर ,
पापा ! अपना ख्याल रखना
सोचता हूँ मैं , लिख दूँ .....
बेटे ! अपना ही तो रखा है ख्याल आजतक

गाँव की जिस माटी ने जाया
 उसे छोड़ दिया एकदिन
जिन हाथों ने सहारा देकर
चलना सिखाया
हँसना , कूदना , दौड़ना सिखाया
उन्हें दौड़ में बहुत पीछे छोड़
मैं आगे निकल गया
फिर कभी मुड़कर नहीं देखा
 नहीं ली सुध कभी उनकी
अपना ही तो रखता रहा ख्याल

नदियों का पानी जब हुआ जहरीला
मैंने बंद कर ली अपनी आँखें
नगर का जलापूर्ति हुआ बाधित
मैंने धरती की छाती छेदकर
निकाला पेय जल
जब भूगर्भीय जल में पाये
 कुछ खतरनाक लवण
खरीद लिया जल शोधक मशीन
अपना ही तो रखता रहा ख्याल

घर को किया चाक-चौबंद
रोका मच्छरों की फौज को
गंधाती नालियों के दुर्गंध को
लगाया घर में वायु शुद्धिकरण यंत्र
सूरज की ताप से झुलस न जाऊँ
हर कमरे को बनाया वातानुकूलित
कब किया औरों का ख्याल 
अपना ही तो रखा है ख्याल अबतक

तुम्हारी शिक्षा व्यवसायिक हो
 प्रतियोगिताओं में  तुम अव्वल आओ
लचर थी व्यवस्था सरकारी स्कूलों की
हिकारत से देखा उन्हें
डाला तुम्हें महँगे निजी स्कूलों में
तुम्हारे ...सिर्फ तुम्हारे ही 
भविष्य सँवारने की चिंता की मैंने
जुड़ा था इससे मेरा स्वार्थ , 
तब ,अपना ही ख्याल तो था 
मेरे जेहन मे

इस देश में नहीं है तुम्हारे लिए
कोई सुनहरा भविष्य
बचपन से  सुनते रहे तुम,
तुम्हारे अंदर अपने ही देश के प्रति 
पैदा किया मैंने घोर वितृष्णा
तुम्हें बनाया अपनी ही प्रतिच्छाया
इतिहास ने खुद को दुहराया
तुम जा बसे विदेश ,
मैंने छोड़ा था गाँव
तुमने छोड़ दिया देश
अपना ही तो ख्याल रखा हमने

जब ज्ञात दुश्मनों से नहीं लड़े
अपने हक के लिए  नहीं अड़े
स्वार्थ के सागर में डुबकी लगाई
दुनिया जाये भाड़ में ,अपनी हो कमाई
आत्मकेंद्रित होता गया मैं
सारे सगों को खोता गया मैं
आज एक अज्ञात शत्रु ने हमला बोला है
हमारी व्यवस्था की पोल-पट्टी खोला है
अब भी तुम लिखते हो ...अपना ख्याल रखना ??

-----कुमार सत्येन्द्र

Comments

Popular posts from this blog

हो वर्ष नव

हो वर्ष नव हो हर्ष नव हो ‌‌सृजन नवल हो गीत नया  नव ताल - सुर संगीत नया  नूतन जीवन  हो रंग नया  नव नव विहंग नव नव कलरव नव पुष्प खिलें नव नव पल्लव  हो वर्ष नव हो हर्ष नव हालात नए ललकार नई कर ले स्वीकार  मत मान हार  उम्मीद नई  संकल्प नया  प्रज्ज्वलित कर एक दीप नया  हो तम  विनाश हो तम विनाश हो वर्ष नव हो हर्ष नव --- कुमार सत्येन्द्र

मार्क्सवादी राजनीतिक अर्थशास्त्र

मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र!  सवाल ये उठता है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र ही क्यूँ? जवाब है कि मार्क्सवादी राजनैतिक अर्थशास्त्र हमें पूँजीवादी व्यवस्था का शोषण, विकास और उसके संकट को समझने में मदद करता है। यह समाज के आर्थिक आधार का अध्ययन करता है और इसीलिए उनके लिए ज़रूरी है जो सामाजिक बदलाव के लिए संघर्ष करते हैं। बुर्ज़ुआ अर्थशास्त्र, जो कि हमारे विश्वविद्यालयों में पढ़ाया जाता है, की तरह मार्क्सवादी अर्थशास्त्र ये दिखावा नहीं करता कि वह सभी सामाजिक व्यवस्थाओं की विश्वव्यापी आर्थिक नियमों   की खोज करने की कोशिश करता है। मार्क्सवादी विश्लेषण के अनुसार हर उत्पादन के तरीक़े का अपना विशिष्ट नियम होता है। इसी कारण मार्क्सवादी विश्लेषण के इस विज्ञान को हम राजनैतिक अर्थशास्त्र कहते हैं।  इस विषय पर मार्क्स से लेकर लेनिन ने बहुत कुछ लिखा है परंतु हम आसान तरीक़े से राजनैतिक अर्थशास्त्र के निम्नलिखित चार सवालों तक ही खुद को सीमित रखेंगे - 1. पूंजीवादी अर्थव्यव्स्था वह उत्पादन का तरीक़ा है जहां पूँजीपति वर्ग उत्पादन के साधनों के मालिक होते हैं वो उत्पादन के लिए म...

पहचान की राजनीति

## पहचान की राजनीति बनाम वर्गाधारित राजनीति। ## पहचान की राजनीति का मतलब क्या है ? उत्तर आधुनिकता की ही तरह पूंजीवादी सिद्धांतों से निकली पहचान की राजनीति मार्क्सवाद का विकल्प होने का दावा करती है। यह मानती है कि राजनीति और भौतिक परिस्थितियों के बीच कोई रिश्ता नहीं होता। यह एक ऐसे समाज की परिकल्पना करती है जो तमाम तरह के शोषण और आपसी शत्रुता पर टिका है। इसमें यह सोच निहित है कि जातीयता, धर्म, नस्ल या लैंगिकता आदि से जुड़े शोषण व आपसी शत्रुता का भौतिक परिस्थितियों से कोई रिश्ता नहीं होता। यह पूरी तरह से व्यक्तिगत तौर पर महसूस किया जाता है। पहचान एक व्यक्ति द्वारा उसके उत्पीड़न के अनुभव के आधार पर बनती है और पूरी तरह से आत्मपरक और स्वायत्त होती है।  यह किसी भी समाज के वर्ग विभाजन पर आधारित विश्लेषण को अस्वीकार करता है। पहचान की राजनीति के अनुसार समाज में मुख्य विभाजन है -- व्यक्तिगत रूप से उत्पीड़न सहन करने वालों और बाकि सभी उनलोगों के बीच जिन्होंने उत्पीड़न का अनुभव नहीं किया है। उदाहरण के लिए पहचान की राजनीति के सिद्धांतों के अनुसार जातिगत उत्पीड़न का अनुभव करने वाला एक दलित मजदूर...